तोड़फोड़ और लूट का आरोप, व्यापारी के साथ सिख समाज ने एसएसपी से की शिकायत
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में जमीन पर कब्जे के विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहे। फनसिटी के पास दबंगों ने व्यापारी के प्लॉट की दीवार कूदकर तोड़फोड़ व कब्जे की कोशिश की। चौकीदार व उसके परिजनों को पीटने का आरोप है।
बुधवार को सिख समाज के लोगों के साथ एसएसपी अनुराग आर्य से मिले व्यापारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने 20 साल पहले थाना इज्जतनगर क्षेत्र के आशुतोष सिटी में दो हजार वर्ग गज जगह खरीदी थी। यहां उन्होंने गोदाम बना रखा है। चौकीदार व उसका परिवार यहां रहता है। अब इस पर भूमाफिया कब्जा करना चाहता है। मंगलवार रात तीन बजे चौकीदार ने कॉल करके बताया कि गोदाम की दीवार कूदकर 30-35 लोग अंदर घुस आए हैं। उन्होंने सीसीटीवी व डीवीआर तोड़ दिया है। उसे व उसके परिवार को पीटा है। चौकीदार के पास रखी नकदी, जेवर व फर्म कार्य के लिए रखे 18 हजार रुपये भी लूट लिए।
उन्होंने सूचना दी तो दरोगा विपिन कुमार पुलिस लेकर पहुंच गए। पुलिस ने चार-पांच लोगों को पकड़ भी लिया। चौकीदार ने बताया कि रोशनी में उसने कुछ लोगों को पहचान लिया है। इन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष यशपाल सिंह ने बताया कि संबंधित जगह सरकारी संपत्ति बताई जा रही है। कुछ लोग इसकी पैमाइश कराने को शिकायतें कर रहे हैं। मामले में प्रशासन की टीम से मिलकर कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला ब्यूरो