बरेली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि को रविवार 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर बापू के साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
एडीजी कार्यालय में एडीजी और उनके स्टाफ ने दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद एडीजी ने शहीदों को नमन किया। पुलिस लाइन में भी पुलिसकर्मियों ने शहीद दिवस पर शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। महात्मा गांधी की आज ही के दिन 1948 में बिडला भवन में नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से ही महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का भी स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सरस्वती शिशु मंदिर में पूर्वाह्न 11 बजे शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन धारण कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई।