बरेली। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए बरेली जनपद के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल बुधवार शाम चार बजे से होगा। इसका आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। चयनित खिलाड़ी लखनऊ स्थित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में चार से छह अक्तूबर तक होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। बरेली एथलेटिक्स के जिला सचिव गजेंद्र तोमर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। ट्रायल में 100 मीटर से 5,000 मीटर तक की दौड़, बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, ट्रिपल जंप, गोला फेंक, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी विभिन्न स्पर्धाओं के लिए खिलाड़ी चयनित होंगे।