सिरौली। बुधवार की रात आंधी-बारिश से कस्बे में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोग परेशान रहे। हालांकि सुबह होते ही बिजली बहाल कर दी गई।
बुधवार रात 11 बजे तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। थाना परिसर में खड़ा 50 साल पुराना यूकेलिप्टस का विशाल पेड़ थाने के पीछे बनी कालोनी में बने आसिफ अंसारी के घर पर जा गिरा। जैसे ही पेड़ गिरा। पूरा घर दहल गया घर मे सो रहा परिवार घबड़ाकर बाहर भागा। देखा पूरा पेड़ घर की छत पर गिरा है। इससे उनके घर के अगले हिस्से का सारा छज्जा, छत की बाउंड्री ढह गई।
आसिफ ने बताया कि उनका मकान पीएम आवास योजना के तहत दो साल पूर्व बना था। उसने बताया कि यह विशाल पेड़ थाने का है। पुलिस से कहा, तब उन्होंने कहा कि इसे आप स्वयं हटाओ, जबकि इतने बड़े पेड़ को हटाने में हजारों का खर्च आएगा। पीड़ित ने पेड़ हटवाकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। इसके अलावा मोहल्ला प्यास में इस्तखार के घर में खड़ा पेड़ पड़ोसी के मकान पर गिरा। इसी मोहल्ले में तारिक हुसैन की दीवार भड़भड़ा कर गिर गई। संवाद