बरेली। बकरीद के बाद शुक्रवार से सफर मुश्किल हो गया है। रोजा के पास ऐगवां में लूप लाइन के काम के चलते रेलवे ने शुक्रवार को अप-डाउन नौ ट्रेनों को निरस्त कर दिया। शनिवार को सात और रविवार से दो और ट्रेनों को निरस्त कर दिया जाएगा। ऐसे में बाकी ट्रेनों व बसों पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है।
बरेली के लोग बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों और जिलों में रहकर काम करते हैं। बकरीद पर वे घर आए थे। त्योहार के बाद ऐसे लोग काम पर लौटने लगे हैं। इस बीच ट्रेनें निरस्त होने से उनको काफी दिक्कत हो रही है। शुक्रवार को बरेली से दिल्ली और बरेली से लखनऊ के बीच चलने वाली रोडवेज की एसी बसें फुल होकर चलीं। ट्रेनों के निरस्त होने की सूचना न होने पर काफी संख्या में यात्री जंक्शन पहुंच गए थे। वहां उनको जानकारी हुई तो अन्य माध्यमों से गंतव्य के लिए रवाना हुए।
टिकट निरस्त कराकर रिफंड ले रहे यात्री
यात्रा के लिए पहले से टिकट आरक्षित करा चुके यात्री उसे निरस्त कराकर रिफंड लेने के लिए जंक्शन पहुंचने लगे हैं। शुक्रवार को 172 लोगों ने अपने आरक्षित टिकट निरस्त कराए। ट्रेनों को निरस्त किए जाने की दशा में रेलवे की ओर से ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को खुद ही रिफंड दे दिया जाता है। काउंटर टिकट होने की दशा में यात्रियों को रिफंड के लिए काउंटर तक आना होता है।
पांच घंटे देरी से आई काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस
शुक्रवार को अप-डाउन नौ ट्रेनों के निरस्त रहने के बीच कई ट्रेनों ने यात्रियों को इंतजार भी कराया। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस पांच घंटे देरी से आई। 15280 पुरबिया एक्सप्रेस ने यात्रियों को एक घंटे इंतजार कराया। जम्मूतवी एक्सप्रेस, हिमगिरि एक्सप्रेस ने भी यात्रियों को इंतजार कराया।
यह ट्रेनें रहीं निरस्त
15011 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस
14235 बनारस-बरेली एक्सप्रेस
22453 लखनऊ-मेरठ एक्सप्रेस
15119 बनारस-देहरादून एक्सप्रेस
14512 सहारनपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस
15073 सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस
15074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस
15075 सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस
15076 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस
ये ट्रेनें आज से चार जुलाई तक रहेंगी निरस्त
14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस
14307 प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस
14308 बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस
15012 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस
22454 मेरठ-लखनऊ एक्सप्रेस
15120 देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस
14511 प्रयागराज-सहारनपुर एक्सप्रेस
-
ये ट्रेनें दो से चार जुलाई तक रहेंगी निरस्त
12583 लखनऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस
12584 आनंद विहार-लखनऊ एक्सप्रेस