बरेली। तापमान बढ़ने के साथ बिजली की मांग बढ़ी है तो बंच केबल जलने, लोकल फॉल्ट और ट्रांसफार्मर फुंकने का सिलसिला जारी है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली कटौती से जूझना पड़ रहा है। मंगलवार को सुभाषनगर की राजीव कॉलोनी और शहर से सटे भरतौल में ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर फुंक गए। हरुनगला उपकेंद्र से जुड़े कुछ इलाकों में भी बंच केबल जलने से उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को ज्यादा समस्या सुभाषनगर उपकेंद्र के इलाकों में रही। यहां दो बार उपकेंद्र ओवरलोड होने से कटौती करनी पड़ी। बाद में रोस्टिंग से आपूर्ति के दौरान उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा। राजीव कॉलोनी में ट्रांसफार्मर फुंकने से तीन घंटे तक कटौती की गई। बाद में ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति सुचारू की गई। ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण भरतौल व आसपास के उपभोक्ताओं को चार घंटे तक कटौती झेलनी पड़ी। हरुनगला उपकेंद्र के महेंद्र नगर में भूमिगत केबल डालने के दौरान एक-एक घंटे की रोस्टिंग कर आपूर्ति की गई। डोहरा मोड़ इलाके में दिन भर ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। शाहदाना उपकेंद्र से जुड़े पुराना शहर के अलावा, मढ़ीनाथ, कुतुबखाना और किला उपकेंद्र के इलाकों में भी लोकल फॉल्ट के कारण ट्रिपिंग की समस्या रही।