भुता। थाना क्षेत्र के गांव नगीरामपुर में पिछले 11 दिनों से बिजली न मिलने के कारण लगभग 250 परिवार बिजली संकट से जूझ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर जेई फोन नहीं उठाते। नगीरामपुर के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में लगभग चार महीने से विद्युत समस्या बनी हुई है। आए दिन बिजली लाइनों में फाॅल्ट होते रहते हैं। एक-एक विद्युत खंभे पर लगभग 15-15 कनेक्शन है। इसके कारण वोल्टेज भी काफी कम आते हैं। ग्रामीणों को 200 मीटर की दूरी तक केबल डालकर गुजारा करना पड़ रहा है।
फिलहाल, गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगभग 11 दिनों से खराब पड़ा है। इससे विद्युत व्यवस्था ठप पड़ी है। पड़ रही भीषण गर्मी के कारण ग्रामीण उपभोक्ता परेशान हैं।
इधर, ग्राम प्रधान अहमद रजा अंसारी ने बताया कि उनके गांव में 11 दिन से बिजली नहीं है। घरों में रखें बिजली के सभी उपकरण बंद पड़े हैं। किसानों को खेती आदि करने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने एक्सईएन बरेली को एक शिकायती पत्र सौंपा है। संवाद