बरेली। गर्मी की छुट्टियों लोग फैमिली ट्रिप प्लान कर रहे हैं। 10 मई से चारधाम यात्रा यात्रा शुरू हो चुकी है। अमरनाथ यात्रा भी 26 जून से शुरू हो जाएगी। इधर, किसान आंदोलन खत्म होने के बाद ट्रेनों का बिगड़े शेड्यूल में भी सुधार हुआ है। ऐसे में ट्रेनों में ऑनलाइन टिकट की बुकिंग बढ़ गई है। पहाड़ की ओर जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं।
परिवार के साथ लोग देहरादून, नैनीताल, रामनगर, हरिद्वार जैसे स्थानों के लिए ट्रिप प्लान कर रहे हैं। बरेली होते हुए चार ट्रेनें काठगोदाम जाती हैं। काठगोदाम से नैनीताल की दूरी महज 40-45 किमी है। इन सभी ट्रेनों में अगले एक माह तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं। स्लीपर श्रेणी में वेटिंग 200 तक पहुंच गई है। कई तारीखों में एसी प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में भी वेटिंग 80-90 तक पहुंच चुकी है। वेटिंग के बावजूद इन ट्रेनों में लगातार बुकिंग हो रही है।
हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश और देहरादून जाने वाली ट्रेनों में भी वेटिंग बढ़ रही है। सप्ताह में छह दिन चलने वाली 22545 लखनऊ-देहरादून वंदेभारत एक्सप्रेस, और सप्ताह में एक दिन चलने वाली 15020 टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस को छोड़ दें तो अन्य ट्रेनों में कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी है।
पूर्वांचल, बिहार और बंगाल की ओर से भी काफी संख्या में पर्यटक नैनीताल समेत हरिद्वार और ऋषिकेश का रुख कर रहे हैं। 12327 हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस, 15005 गोरखपुर-देहरादून राप्ती-गंगा एक्सप्रेस, 04311 हावड़ा-देहरादून ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन, 15119 वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस, 04313 मुजफ्फरपुर-देहरादून ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन, 12369 हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस, 15001 मुजफ्फरपुर-देहरादून साप्ताहिक एक्सप्रेस, 13009 हावड़ा-ऋषिकेश दून एक्सप्रेस में एक माह तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं।