शाहजहांपुर। गाड़ी संख्या 05211/12 जननायक एक्सप्रेस एक अप्रैल से सप्ताह में तीन दिन चलेगी। हालांकि इस ट्रेन को पहले भी कई बार चलाने की घोषणा हो चुकी है। लेकिन पंजाब में किसान आंदोलन के चलते इसका संचालन शुरू नहीं हो सका था।
एक अप्रैल से सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को 05211 जननायक एक्प्रेस दरभंगा से चलकर अमृतसर जाएगी। तीन अप्रैल से 05212 नंबर की गाड़ी का संचालन अमृतसर से दरभंगा के लिए होगा। यह ट्रेन बुधवार, शनिवार और सोमवार को चलेगी। वहीं, दूसरी ओर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को नए नंबर 04257/58 से चलाया गया है। इस ट्रेन के स्टॉपेज और समय सारणी पुरानी ही रहेगी। पहले यह ट्रेन बनारस से चलती थी, अब मडुआडीह-नई दिल्ली से चलेगी। इसके कोच नए और इंजन इलेक्ट्रिक होगा। यह जानकारी लोको निरीक्षक वीरेंद्र झा ने दी है। संवाद