फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिकी पर्यटकों को भी ठग लिया टीटीई ने, सीनियर डीसीएम करेंगी जांच

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। ट्रेनों में न जाने कितने आम यात्रियों से रोज ही अवैध वसूली होती है लेकिन मंगलवार को बाघ एक्सप्रेस से लखनऊ से नैनीताल जा रहे पांच अमेरिकी पर्यटकों ने भी टीटीआई पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए रेल मंत्री और डीआरएम को ट्वीट किया तो ऊपर से नीचे तक हड़कंप मच गया। मामला अमेरिकी पर्यटकों से जुड़ा होने की वजह से डीआरएम ने सीनियर डीसीएम को उनकी शिकायत की जांच का निर्देश दिया है।
विज्ञापन

पांच अमेरिकी पर्यटकों का दल 29 अक्तूबर को इलाहाबाद से लखनऊ पहुंचा और लखनऊ से नैनीताल जाने के लिए हावड़ा काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस में सवार हुआ। रेलवे सूत्रों के मुताबिक इन पर्यटकों ने नैनीताल तक की यात्रा के लिए 28 अक्तूबर की तारीख टिकट ले रखा था जबकि ट्रेन के चारबाग स्टेशन पर आने का समय रात 12:20 बजे का है। इस लिहाज से पर्यटकों को 28 के बजाय 29 अक्तूबर की यात्रा का टिकट लेना था। पर्यटक ट्रेन में सवार होने प्लेटफार्म पर पहुंचे तो टीटीई ने उनके टिकट को अवैध बता दिया लेकिन पर्यटक उसी टिकट पर काठगोदाम जाने की जिद करने लगे और जबरन ट्रेन में सवार हो गए।
बताया जाता है कि ट्रेन लखनऊ से चलने के बाद टीटीई और अमेरिकी पर्यटकों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। लंबी नोंकझोंक के बाद ट्रेन हरदोई स्टेशन पर रुकी तो पर्यटक पांच सामान्य टिकट खरीद लाए जिसके बाद टीटीई ने पेनाल्टी की रसीद काटने के बाद उन्हें बर्थ भी दे दी।
विज्ञापन

बाघ एक्सप्रेस रात में बरेली पहुंची तो यहां जंक्शन पर टीटीई की ड्यूटी चेंज हुई। उसने अपना चार्ट दूसरे टीटीई को सौंप दिया। बरेली से ट्रेन में चढ़े टीटीई ने अमेरिकी पर्यटकों के नाम चार्ट में न मिलने पर उनकी रसीद देखी तो पता चला कि रसीद में जितनी पेनाल्टी का उल्लेख था, उससे कहीं ज्यादा रकम पहले वाला टीटीई उनसे वसूल ले गया था। अमेरिकी पर्यटकों को यह बात पता चली तो उन्होंने रेल मंत्री और इज्जतनगर मंडल के डीआरएम को ट्वीट करके शिकायत कर दी। इससे रेल अफसरों में हड़कंप मच गया। डीआरएम ने विदेशी पर्यटकों का मामला होने के कारण हाथ के हाथ सीनियर डीसीएम नीतू को जांच का आदेश दे दिया। इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के बाद पता लगेगा कि विदेशी पर्यटकों से अवैध वसूली की गई थी या नहीं। उधर, आरोपी टीटीई का कहना है कि उसके विरोधियों ने साजिश के तहत उसे जांच में फंसाया है। उसने तो पर्यटकों की सहायता की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें