बरेली। कुंभ एक्सप्रेस में पानी खत्म होने से यात्रियों ने जंक्शन पर ट्रेन नहीं चलने दी। यात्रियों का आक्रोश देखते हुए सभी कोचों में पानी भरा गया जिसके बाद ट्रेन हरिद्वार को रवाना हुई। जंक्शन पर ट्रेन करीब 20 मिनट तक खड़ी रही। हावड़ा से हरिद्वार जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस दोपहर 11:30 बजे जंक्शन पहुंची। ट्रेन में लखनऊ से ही पानी खत्म हो गया था। शाहजहांपुर स्टेशन पर यात्रियों ने चेन पुलिंग करके कोच में पानी भरवाया। गार्ड ने रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को कोच में पानी न होने का मेसेज दिया। ट्रेन के जंक्शन रुकने पर कोचिंग स्टाफ ने कोचों में पानी भरना शुरू किया। पांच मिनट रुकने के बाद ट्रेन चल दी। इस दौरान कुछ ही कोचों में पानी भरा जा सका था। ट्रेन चलते ही यात्रियों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन रोक दी और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद सभी कोचों में पानी भरा गया। ट्रेन करीब 20 मिनट तक जंक्शन पर खड़ी रही।