बरेली। तीन दिन निरस्त रहने के बाद इंटरसिटी, पद्मावत, फैजाबाद एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति 22 जुलाई से चलेंगी। नई दिल्ली-तिलक ब्रिज सेक्शन पर नॉन इंटरलॉकिंग पूरी होने के बाद तीनों ट्रेनों के अलावा डायवर्ट ट्रेनें भी निर्धारित रूट पर चलेगी। 19 जुलाई से निरस्त बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रतापगढ़ दिल्ली पदमावत, फैजाबाद नई दिल्ली एक्सप्रेस, इज्जतनगर मंडल की उत्तराखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (15035/15036 और 25035/ 25036) का संचालन सोमवार से फिर से शुरू हो जाएगा। इसके अलावा नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस, नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ, अमृतसर सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस, अमृतसर कटिहार एक्सप्रेस और न्यू जलपाईगुड़ी निर्धारित रूट पर चलेगी। गौरतलब है कि नई दिल्ली से तिलक ब्रिज सेक्शन पर नॉन इंटरलॉकिंग काम के चलते इंटरसिटी, पद्मावत और फैजाबाद एक्सप्रेस को 19 से 21 जुलाई तक रद्द किया था। इसके अलावा करीब आधा दर्जन ट्रेनें भी बदले रास्तों से चलाई गई थीं।