बरेली। शहर में चाइनीज माझा बेचने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने फिर से प्रतिबंध लगा दिया। अब नायलोन, सिंथेटिक, सीसा रोपित या चाइनीज पतंग और माझा या डोरी बेचने वाले दुकानदारों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस माझे से हाल ही में कई लोग घायल हो चुके हैं। चाइनीज माझे का भंडारण करने वाले दुकानदारों को भी एफआईआर दर्ज कराकर जेल भेजा जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने सार्वजनिक तौर पर जारी प्रशासनिक आदेश में कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज, नायलोन या सिंथेटिक माझा बिकना आपत्तिजनक है। अगर किसी दुकान पर इस तरह का माझा बरामद हुआ तो दुकानदार पर आईपीसी की धारा 336 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 1986 की धारा-5 समेत अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।