आंवला स्टेशन पर पानी-बिजली को लेकर महिलाओ ने डीआरएम और सीनियर डीसीएम को घेरा
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली/आंवला। देर रात बरेली जंक्शन पहुंचे डीआरएम ने बुधवार की सुबह इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोचों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्लीपर कोच के टायलेट और एसी कोच की कूलिंग चेक की। इसके बाद उन्होंने बरेली मुरादाबाद वाया चंदौसी रूट का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान आंवला स्टेशन पर समस्याओं से जूझ रहीं रेलवे कॉलोनी की महिलाओं ने डीआरएम का घेराव किया।
मुरादाबाद डिवीजन के डीआरएम तरुण प्रकाश ने सुबह 4:40 बजे प्लेटफार्म नंबर चार पर बरेली नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोचों का निरीक्षण किया। उन्होंने कई कोच के टायलेट में टोटियां और सफाई चेक की। वह एसी कोच में पहुंचे, जहां कूलिंग देखकर संतुष्टि जताई। बरेली मुरादाबाद वाया चंदौसी सेक्शन का पैसेंजर ट्रेन से विंडो निरीक्षण किया। आंवला स्टेशन पर बिजली पानी की समस्या से कई दिनों से जूझ रहीं रेलवे कॉलोनी की महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। संगीता, किरण, रीता सहित कई महिलाओं ने बताया कि कॉलोनी में कई-कई दिनों तक पानी नहीं मिलता। बदबूदार पानी आने से कई लोग पीलिया से पीड़ित हैं। डीआरएम ने इस पर अधीनस्थों पर नाराजगी जताई और जल्द समस्या का समाधान कराने को कहा।
देखते रहे लोगों को ट्रैक पार करते
लंबे समय से ग्रामीणों की मांग के बावजूद फुट ओवरब्रिज का निर्माण न होने पर डीआरएम के निरीक्षण के दौरान यात्री लाइन पार करके ट्रेनों की तरफ जाते रहे। आरपीएफ के जवान भी कार्रवाई करने के लिए साहब की ओर देखते रहे, लेकिन फुट ओवरब्रिज न होने से दोनों अपने सामने ही रेलवे के नियमों की अनदेखी करते रहे।
बिशारतगंज स्टेशन पर खामियां देख हुए नाराज
बिशारतगंज। डीआरएम तरुण प्रकाश बिशारतगंज रेलवे स्टेशन पर भी रुके। यहां कई खामियां नजर आईं तो अधिनस्थों को सुधार के निर्देश दिए। नगर पंचायत चेयरमैन सूरज पाल मौर्य ने पूर्वी रेलवे फाटक पर अंडर पास बनाने, फुट ओवरब्रिज बनाने और लखनऊ दिशा के लिए बिशारतगंज स्टेशन से गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज करने सहित छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।