बरेली। बरेली जंक्शन और सिटी स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने प्लेटफार्म और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेकर उनके सामान को खंगाला। दिन भर चले चेकिंग अभियान में जंक्शन पर अफरातफरी का माहौल रहा।
रेलवे बोर्ड के आदेश के तहत शनिवार को भी जीआरपी और आरपीएफ ने कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर जंक्शन के सभी प्लेटफार्म, डारमेट्री, वेटिंग रूम, वेटिंग हाल और सरकुलेटिंग एरिया में संदिग्ध लगने वाले यात्रियों और सामान की तलाशी ली। डॉग स्क्वायड ने यात्रियों का सामान और अन्य संदिग्ध चीजों को सूंघा। इस दौरान जंक्शन पर पहुंची गुवाहाटी एक्सप्रेस, टनकपुर-दिल्ली एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ, श्रमजीवी, लखनऊ मेल, शहीद एक्सप्रेस, महामना समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेनें भी चेक की गईं। पुलिस ने विशेष तौर पर दिल्ली जाने वाली ट्रेनों की चेकिंग की। संवाद