बरेली। बरेली जंक्शन के कागजों में बंद चल रहे स्टॉल अवैध वेडिंग का अड्डा बन गए हैं। ठेकेदारों और रेलवे के कमर्श्यल अनुभाग की शह पर अवैध वेंडर इन स्टॉलों पर खानपान की चीजें रखकर बेच रहे हैं, जबकि कागजों में यह स्टॉल बंद दिखाए जा रहे हैं, इससे रेलवे को राजस्व की काफी क्षति हो रही है। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक (एसएस) कई बार अधिकारियों को अवगत भी करा चुके हैं।
बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर दो और तीन पर एक ब्रांडेड स्टॉल रखे हुए हैं। किराए में सहमति न बनने पर मुरादाबाद मंडल की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा तीनों स्टॉलों का ठेका खत्म करके उन्हें हटाने के निर्देश दे चुकी हैं। आदेश के बाद से इन स्टॉल पर दूध से जुड़े प्रोडक्ट्स की बिक्री तो बंद हो गई है। बताया जाता है कि अब इन स्टॉल से कमर्श्यल अनुभाग के कर्मचारियों ने ठेकेदारों के साथ मिलकर अवैध वेंडिंग शुरू कर दी। इन स्टॉलों पर अवैध वेंडर पानी, चाय, स्नैक्स आदि चीजें रखते हैं। रात में इन स्टॉलों पर ब्रांडेड दूध से जुड़े प्रोडक्ट आदि भी रखे रहते हैं। इसकी जानकारी आरपीएफ और कमर्श्यल अनुभाग के अधिकारियों को भी है, बावजूद इसके यह स्टॉल खाली नहीं कराए गए हैं, जिसके चलते रेलवे को राजस्व की भारी क्षति हो रही है।
वहीं स्थानीय अधिकारी इन स्टॉलों को पूर्ण रुप से बंद बताते हैं। जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह का कहना है कि अवैध स्टॉलों पर कार्रवाई के लिए मंडलीय अधिकारियों को कई बार लिखा जा चुका है। बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।