बरेली। रेलवे प्रबंधन जायरीन की सुविधा के लिए आला हजरत के कुल शरीफ के दिन 25 अक्टूबर को जंक्शन से चलने वाली ट्रेनों को देरी से चलाएगा। इसके अलावा प्रयाग एक्सप्रेस में दो साधारण लगाए जाएंगे। आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस जंक्शन पर रुकेगी। वहीं अगर कुल वाले दिन जायरीन ज्यादा हुए तो दो सालों से बंद चल रही इलाहाबाद पैसेंजर भी चलाई जा सकती है।
बरेली जंक्शन से गुजरने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों का जंक्शन पर पांच मिनट का ठहराव होगा। टनकपुर दिल्ली एक्सप्रेस ढाई घंटे लेट 4:45, बरेली वाराणसी एक्सप्रेस 50 मिनट लेट 4:55 और बरेली दिल्ली पैसेंजर वाया चंदौसी 45 मिनट की देरी से छह बजे जंक्शन से चलेगी। जंक्शन से गुजरने वाली अमृतसर कोलकाता अकाल तख्त एक्सप्रेस, नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, कोलकाता जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस, कानपुर जम्मू सुपरफास्ट एक्सप्रेस पांच मिनट जंक्शन पर रुकेंगी। इन ट्रेनों का जंक्शन पर दो मिनट का ठहराव है। इसके अलावा जंक्शन से प्रयाग जाने वाली प्रयाग एक्सप्रेस में दो साधारण कोच भी बढ़ाए गए हैं।
एक दिन के चलेगी इलाहाबाद पैसेंजर
जंक्शन से प्रयाग घाट जाने वाली इलाहाबाद पैसेंजर एक दिन के लिए चलाई जाएगी। इलाहाबाद पैंसेंजर दो साल से रद्द है। रेलवे सूत्रों का कहना है कि रूटीन की ट्रेनों में भीड़ हुई तो एक दिन के लिए इलाहाबाद पैसेंजर को चलाया जाएगा।
जंक्शन पर रुकेगी जनसाधारण एक्सप्रेस
आनंद विहार से दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस पांच मिनट जंक्शन पर रुकेगी। हालांकि ट्रेन का जंक्शन पर ठहराव नहीं है। कुल शरीफ पर जन साधारण एक्सप्रेस शाम 6:10 बजे पहुंचकर 6:15 बजे चलेगी। यह ट्रेन आनंद विहार, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा होेते हुए दानापुर जाएगी।