बरेली। लखनऊ से लक्सर तक अप लाइन पर चार घंटे का मेगा ब्लॉक होने से मुरादाबाद दिशा की ओर जाने वाली ट्रेनें घंटों देरी से जंक्शन पहुंचीं। केवल डिब्रूगढ़ लालगढ़ गुवाहाटी एक्सप्रेस पर ब्लॉक का कोई असर नहीं रहा। यह ट्रेन दस मिनट पहले जंक्शन पर आकर खड़ी हो गई। दूसरी और डाउन लाइन पर ब्लॉक न होने पर भी नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। वाराणसी बरेली एक्सप्रेस न आने से छोटी-छोटी दूरी के यात्रियों की मुसीबत रही।
रविवार को रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने लखनऊ से लक्सर तक अलग-अलग सेक्शन पर चार घंटे का ब्लॉक लेकर पटरी और स्लीपर की मेंटीनेंस की। ट्रेनों का संचालन सुबह नौ बजे से एक बजे तक लखनऊ से हरदोई तक रहा। ब्लॉक के समय आगे-आगे डिबूगढ़ से लालगढ़ जाने वाली गुवाहाटी एक्सप्रेस चलती रही, जिससे गुवाहाटी एक्सप्रेस दस मिनट पहले सुबह 10:22 बजे समय से पहले जंक्शन पहुंच गई, जबकि इसके आने का समय सुबह 10:32 बजे है। इसके अलावा हावड़ा हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस तीन घंटे, सिंगरौली टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस पांच घंटे, दरभंगा वाराणसी जननायक एक्सप्रेस पांच घंटे, कोलकाता जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस दो घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। इसके विपरीत डाउन लाइन पर नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। सबसे ज्यादा दिक्कत वाराणसी बरेली एक्सप्रेस के न आने से हुई। यह ट्रेन लखनऊ से वापस वाराणसी के लिए चलाई गई। सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर भी रोजा से वापस कर सीतापुर के लिए चलाई गई। इज्जतनगर रेल मंडल की रामनगर मुरादाबाद रूट की दो पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित रही। ब्लॉक दोपहर तीन बजे रहा।