फतेहगंज पूर्वी। शनिवार आधी रात के बाद हाईवे पर हुलासनगरा क्रासिंग के पास गड्ढों के कारण ट्रक का गुल्ला टूट गया। बीच हाईवे ट्रक खराब हुआ तो दोनों ओर से तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। चालकों ने वाहनों को जैतीपुर रोड की तरफ से निकालना चाहा तो बारिश के कारण पहले से ही ऊबड़ खाबड़ सड़क पर वाहन फंसने शुरू हो गए। जिससे हालात और बिगड़ गए। शनिवार दोपहर हाईवे पर द्वारिकेश मिल के पास लगे जाम में बरेली से शाहजहांपुर जा रहे डीआईजी राजेश कुमार पांडे भी फंस गए थे।
एसएचओ अश्वनी के मुताबिक हुलासनगरा और जैतीपुर क्रॉसिंग के बार बार बंद होने से हालात बेकाबू हो गए। फतेहगंज के साथ ही कटरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर ट्रक को हाईवे से हटवाया। इसके बाद तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब तीन बजे से जाम में फंसे वाहनों को निकालना शुरू किया। सुबह करीब पांच बजे हाईवे पर आवागमन पूरी तरह से बहाल हो सका। ब्यूरो