बरेली। रविवार को लखनऊ से लक्सर तक अप लाइन पर चार घंटे का ब्लॉक अलग-अलग सेक्शन पर रहेगा। इस दौरान स्लीपर और पटरियों की मेंटीनेंस की जाएगी। रविवार को बरेली वाराणसी एक्सप्रेस लखनऊ और वाराणसी के बीच चलेगी। यह ट्रेन जंक्शन पर नहीं आएगी। सीतापुर पैसेंजर भी शाहजहांपुर रोजा के बीच रद्द रहेगी।
इंजीनियरिंग अनुभाग अप लाइन पर ट्रेनों को रोककर और देरी से चलाकर पटरियों की मेंटीनेंस करेगा। लखनऊ से हरदोई सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक, हरदोई से रोजा सुबह 10:20 से दोपहर 2:20, रोजा से बरेली 11:15 से 03:15, बरेली से रामपुर 11:45 से 03:45, रामपुर से मुरादाबाद 12:30 से शाम 04:30 और मुरादाबाद से लक्सर तक सुबह 10:55 से दोपहर 2:55 बजे तक ट्रेनों का संचालन रुका रहेगा। वाराणसी से दोपहर 1:55 बजे जंक्शन पहुंचने वाली बरेली वाराणसी एक्सप्रेस वाराणसी से लखनऊ तक आएगी। यह ट्रेन लखनऊ बरेली के बीच रद्द रहेगी। सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर रोजा से ही सीतापुर के लिए वापस होगी। यह ट्रेन शाहजहांपुर और रोजा के बीच रद्द रहेगी। दरभंगा से अमृतसर जननायक एक्सप्रेस और हावड़ा से हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस दो घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेगी। इज्जतनगर रेल मंडल की रामनगर मुरादाबाद रूट की दो पैसेंजर ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।