बरेली। एक साल से निर्माणाधीन आईवीआरआई फ्लाईओवर पर जनवरी से ट्रैफिक दौड़ने की संभावना है। सितंबर और अक्तूबर में दोनों अंडरपास बारी-बारी से चालू किए जाएंगे। समस्याओं को लेकर शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार इज्जतनगर मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार सिंह से मिलने गए। डॉ. अरुण ने बताया कि आईवीआरआई फ्लाईओवर के रेलवे के हिस्से का काम लंबे समय से बंद है। लोगों को कुदेशिया फाटक होते हुए एयरफोर्स की ओर आना पड़ता है। डीआरएम ने बताया कि जनवरी में आईवीआरआई फ्लाईओवर शुरू हो जाएगा। रेलवे के स्लैब तैयार हैं, ठेकेदार न मिलने पर रेलवे खुद ही काम शुरू कराएगा। उन्होंने कहा कि सितंबर में एयरफोर्स और अक्तूबर में इज्जतनगर स्टेशन की ओर से अंडरपास भी शुरू हो जाएगा, जिससे लोगोें को राहत मिलेगी। डॉ. अरुण कुमार ने सेकेंड एंट्री का सौंदर्यीकरण और आरपीएफ लाइन की रेलवे रोड बनवाना, कुदेशिया रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास, रेलवे कॉलोनियों की मरम्मत आदि कराने की मांग की। डीआरएम से मिलने वालों में पार्षद महेश राजपूत, विभूति यादव, संजय सक्सेना, पूर्व पार्षद विक्रम सिंह आदि थे।