बरेली। आला हजरत के तीन दिनी उर्स को लेकर पुलिस-प्रशासन मंगलवार को सुरक्षा के साथ पार्किंग, ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। बुधवार सुबह आठ बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू हो जाएगा। अधिकारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन में जरूरत के हिसाब से बदलाव की बात भी कह रहे हैं।
आला हजरत के उर्स में ढाई से तीन लाख जायरीन जुटने का अनुमान है। शहर में जाम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए जरूरत के हिसाब से ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। बुधवार सुबह आठ बजे से चिह्नित स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस डायवर्जन लागू कराएगी। उर्स में शुक्रवार को कुल की रस्म के दौरान सबसे ज्यादा भीड़ जुटेगी। पुराना रोडवेज से संचालित होने वाली बसों के सेटेलाइट से संचालन में भी तब्दीली की बात अधिकारी कह रहे हैं। बुधवार को बसों का संचालन पूर्ववत ही रहेगा। भीड़ ज्यादा होने पर ही सेटेलाइट से बसों का संचालन किया जाएगा। उर्स के मद्देनजर रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर की सुरक्षा को पुलिस ने अपने हाथों ले लिया है। जंक्शन पर भीड़ को देखते हुए बफर जोन बनाया गया है। एसपी सिटी एससी गंगवार का कहना है कि सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
एसपी सिटी ने उर्स कमेटी पदाधिकारियों के साथ की बैठक
बरेली। आला हजरत के उर्स के मद्देनजर मंगलवार को एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने कोतवाली परिसर में उर्स कमेटी पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा बंदोबस्त पर चर्चा की। उर्स कमेटी के पदाधिकारियों से कहा कि कुल की रस्म के साथ जायरीन जल्द निकलें, इसका ध्यान रखने की जरूरत है। व्यापारियों से भी कहा कि वह दुकानों का सामान बाहर न रखें। कुल के दौरान भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। बैठक में सीओ सिटी अशोक कुमार, इंस्पेक्टर कोतवाली गीतेश कपिल भी रहे।
आरपीएफ, जीआरपी को मिला अतिरिक्त फोर्स
बरेली। उर्स पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को लेकर आरपीएफ और जीआरपी को भी अतिरिक्त फोर्स मुहैया कराया गया है। आरपीएफ कमांडेंट विवेक सिसौदिया ने बताया कि पूरी सतर्कता बरती जा रही है। ट्रेनों से उर्स में 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ के साथ जीआरपी को भी अतिरिक्त स्टाफ दिया गया है।