बरेली। ट्रैफिक नियमों का पालन कराने को एक संस्था के स्वयंसेवकों ने चौकी चौराहा और अयूब खां चौराहे पर शनिवार दोपहर जागरूकता अभियान चलाया। इसमें यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें फूल दिए गए। उनसे अपेक्षा की गई कि वह हेलमेट और सीट बेल्ट का हर हालत में उपयोग करेंगे। सड़क किनारे खड़े वाहनों को उठाने वाली यातायात पुलिस की क्रेन भी इस अभियान की जद में आ गई। लोगों ने क्रेन को घेरकर ड्राइवर से पूछा कि आप तो ट्रैफिक पुलिस के लिए ही काम करते हैं तो सीट बेल्ट क्यों नहीं लगाते और फिर ड्राइवर को फूल दिए गए। जानकारी एसपी ट्रैफिक तक पहुंची तो उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि क्रेन ड्राइवर ने सीट बेल्ट क्यों नहीं लगाई। उन्होंने टीआई को निर्देश दिए कि भविष्य में वह बिना सीट बेल्ट मिले तो उसका भी चालान कर दिया जाए।