बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की 139वीं इकाई दाल व्यापारी एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को चौपुला रोड स्थित रोटरी भवन में हुआ। इस दौरान बरेली से दाल निर्यात की संभावनाओं पर सुझाव मांगे गए। प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने पर सहमति बनी।
मुख्य अतिथि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार ने कहा कि आपसी सहयोग से ही राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि बरेली में दाल का बड़ा व्यवसाय, बाजार है।
व्यापार मंडल दाल व्यापारियों को संगठित कर इस ट्रेड में नई संभावनाओं पर चिंतन करेगा। बरेली की दालों को निर्यात किस प्रकार हो सकता है, इस पर मंथन कर सुझाव केंद्र सरकार को भेजेंगे। प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया ने कहा कि जल्द बरेली का नाम राष्ट्रीय फलक पर भी दिखेगा।
यहां मनोज खंडेलवाल को अध्यक्ष, कपिल अग्रवाल को महामंत्री, राजीव अग्रवाल को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। नई टीम में अखिल खंडेलवाल, संदीप, संतोष अग्रवाल, भुवनेश अग्रवाल, कुंज बिहारी, विष्णु मित्तल, अनुज सिंघल समेत अन्य लोग शामिल रहे।