बरेली। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की सीबीगंज इकाई की ओर से मिनी बाइपास स्थित मैरिज हॉल में वार्षिक सम्मेलन आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने देशहित में व्यापारियों को संगठित रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर गुंडों द्वारा हमला या लूट करने के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई पर अन्य राजनीतिक दलों द्वारा आपत्ति दर्ज कराना निंदनीय है। बीते दिनों मुख्यमंत्री से हुई बातचीत साझा करते हुए बताया कि व्यापारियों की सुरक्षा से प्रदेश सरकार कोई समझौता नहीं करेगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। विधायक संजीव अग्रवाल ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने विचार साझा किए। संगठन के महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने राज्यकर विभाग द्वारा खाते फ्रीज करने के प्रकरण में जीएसटी कमिश्नर से मुलाकात की बात कही।
जिलाध्यक्ष विकास अग्रवाल ने बताया कि आयोजन में सीबीगंज के 20 व्यापारी सम्मानित हुए। यहां संगठन के अनुज गुप्ता, शंकर लाल गंगवार, धीरेंद्र गंगवार, कुमार गौरव शर्मा, राजीव अग्रवाल बॉबी व अन्य मौजूद रहे। अमर उजाला ब्यूरो