बरेली। घर से निकले युवक की बड़ा बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को दूसरे दिन उसकी शिनाख्त थाना किला के बाकरगंज निवासी आरिफ नूरी के रूप में हुई है। वह दरगाह आला हजरत प्रमुख सुब्बानी मियां की संस्था तहरीक-ए-तहफ्फुज सुन्नियत (टीटीएस) से जुड़े थे। पोस्टमार्टम में जहर के लक्षण मिलने पर विसरा सुरक्षित किया गया है।
आरिफ मंगलवार दोपहर दो बजे के करीब कुछ देर में वापस आने की बात कहकर घर से निकले थे, मगर लौटे नहीं। मंगलवार को ही शाम के समय कुछ लोग उन्हें गंभीर हालत में बड़ा बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में छोड़कर चले गए। वहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर इज्जतनगर थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तलाश कर रहे परिजनों ने बुधवार शाम सूचनाओं के आधार पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त आरिफ नूरी के रूप में की। पोस्टमार्टम में जहर के लक्षण मिलने के बाद विसरा सुरक्षित किया गया है। इंस्पेक्टर किला हरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। थाने में कोई गुमशुदगी भी दर्ज नहीं है। संवाद