बाइक में टक्कर मारकर दो युवक को किया गंभीर घायल
बिशारतगंज। अवैध खनन के काम में लगे ट्रैक्टर-ट्राॅलियां सड़क पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर रम्पुरा-अलीगंज मार्ग पर मझगवां गांव के समीप खनन की मिट्टी ले जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक को चपेट में ले लिया है। इससे बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को मझगवां सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया।
थाना क्षेत्र के गांव मझगवां निवासी संजीव कश्यप ने बताया कि उनके भाई कल्याण कश्यप का 18 वर्षीय बेटा देवेंद्र कश्यप अपने हम उम्र साथी मोहल्ले के ही राहुल के साथ बरेली से बाइक से घर लौट रहा था। रम्पुरा-अलीगंज मार्ग पर मझगवां गांव से पहले मिलक बहादुरगंज गांव की ओर जा रही सड़क के मोड़ पर खनन के काम में लगी ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक ने तेज गति से बिना कोई संकेत दिए दाहिनी ओर ट्रैक्टर-ट्राॅली को मोड़ दिया। इससे बाइक चपेट में आ गई। बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यहां देवेंद्र कश्यप की हालत नाजुक बनी हुई है।
नियम को दरकिनार कर सड़क पर दौड़ा रहे ट्रैक्टर
मझगवां गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से बेहटा बुजुर्ग गांव के समीप पटान का काम चल रहा है। खनन की मिट्टी ढोने के काम में लगे ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक अधिक फेरे लगाने के चक्कर में ट्रैफिक के सारे नियमों को दरकिनार कर रहे हैं। मामला खनन का होने के कारण आर्थिक हित से जुड़ा होने की वजह से पुलिस भी ट्रैफिक नियमों को अनदेखा कर रही है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।