बल्लिया के नजदीक बिजली उपकेंद्र के पास हादसा, लोगों में रोष
भमोरा। साइकिल से स्कूल जा रहे भाई-बहन को बल्लिया के नजदीक बिजली उपकेंद्र के पास बुधवार सुबह खनन कर आ रहे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने रौंद दिया। इसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटनास्थल पर लोगों ने अवैध खनन का विरोध जताया।
पुलिस के अनुसार, गांव बिहारीपुर निवासी महेंद्र पाल की बेटी रागनी और बेटा अभय साइकिल से बल्लिया स्थित एक इंटर कॉलेज में जा रहे थे कि दोनों को बल्लिया के नजदीक बने विद्युत उपकेंद्र के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली ने रौंद दिया। सूचना पर आई पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल भेजा। एसडीएम आंवला विदुषी सिंह ने बताया कि अगर अवैध खनन हो रहा है तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जताया रोष
हादसे के बाद ग्रामीणों ने रोष जताया और कहा कि क्षेत्र में आए दिन अवैध खनन जारी है। इसे रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन कोई कदम उठा नहीं रहा है। अवैध खनन जारी है। इससे चलना मुश्किल हो गया है। एसओ भमोरा सनी चौधरी ने बताया कि घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
रोड पार करते समय टैक्ट्रर-ट्राॅली से टकराई स्कूल बस
हाफिजगंज। भुता के स्वामी विवेकानंद स्कूल से 35 बच्चों को शैक्षिक भ्रमण के लिए ले जा रही बस बुधवार सुबह नरहरपुर चौराहे के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इससे चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर आई पुलिस ने बच्चों को दूसरे वाहन से उनके घर के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि भुता के स्कूल की बस 35 बच्चों को शैक्षिक भ्रमण के लिए लेकर निकली थी। हाफिजगंज के नरहरपुर चौरहा के पास कोलतार भरी आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे के हिस्से से बस टकरा गई। सभी बच्चों को राहगीरों की मदद से सुरक्षित निकालकर उनके घर भेज दिया गया है। फिलहाल, बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा लिया गया है। संवाद