बरेली-मथुरा हाईवे पर ट्रैक्टर पलटा
- फोटो : अमर उजाला
बरेली-मथुरा हाईवे पर फोरलेन की सुविधा से पहले बेतरतीब निर्माण कार्य वाहन चालकों के लिए मुसीबत साबित हो रहा है। शुक्रवार को सुबह फरीदाबाद निवासी किसान का ट्रैक्टर पलटा तो पूर्वाह्न में बरेली के कारोबारी की कार सड़क किनारे गड्डे में गिरकर पलट गई। शाम होने से पहले जिरौली के पास रोडवेज बस ने टेंपो को चपेट में ले लिया। तीनों हादसों में महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए।
पहला हादसा बाईपास पर कोल्ड स्टोरेज के पास हुआ। हरियाणा के फरीदाबाद जिले में बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सांजोपुर निवासी किसान धर्मवीर (45), बिरजू (40) और जीतल (43) फर्रुखाबाद जिले से ट्रैक्टर और कृषि उपकरण लेकर सहसवान की ओर जा रहे थे। अचानक सामने से बाइक सवार युवक को बचाने की कोशिश में जीतल ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर सड़क पर ही पलट गया। ट्रैक्टर सवार तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर भर्ती कराया गया। घायलों का इलाज चल ही रहा था कि बाईपास पर ही बरेली में सुभाषनगर निवासी कारोबारी अनिल यादव की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार अनिल (35) और उनकी पत्नी नीरू (32) घायल हो गई। अनिल खुद ही कार चला रहे थे।
इसके अलावा हाईवे पर ही जिरौली के पास सवारियों से भरे टेंपो को पीछे से रोडवेज बस ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही टेंपो पलट गया। इसमें सवार कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लागंज निवासी रामलली (60), अलापुर थाना क्षेत्र में जगत निवासी अकबरी (55), उसकी पुत्रवधू शाबरा (40) और नातिन शबाना (12), गठौना निवासी सीताराम (57) घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने ही टेंपो से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। डॉ. महेश प्रताप सिंह ने बताया कि घायलों में सीताराम, रामलली और अकबरी की हालत गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उधर, इसे लेकर हाईवे पर कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा।