टोल वसूल रही पीएनसी के अफसरों का कहना : स्टेट हाईवे अथॉरिटी से नहीं मिले आर्डर
विज्ञापन
भोजीपुरा इंडस्ट्रलिस्ट एसोसिएशन ने डीएम को टोल कर्मियों की मनमानी की शिकायत की
बरेली। नैनीताल-बरेली हाईवे पर आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई में लगे वाहनों से टोल टैक्स वसूल किया जा रहा है, जबकि सरकार ने लॉकडाउन तक इन वाहनों से टोलप्लाजा पर वसूली न करने के निर्देश दिए है। इस दिक्कत को लेकर भोजीपुरा इंडस्ट्रलिस्ट एसोसिएशन ने डीएम नितीश कुमार से टोल प्लाजा स्टाफ की मनमानी करने की शिकायत की है। हालांकि नैनीताल रोड पर टोल प्लाजा ले रही पीएनसी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें टोल न वसूलने संबंधी कोई आदेश अभी उन्हें यूपी स्टेट हाईवे अथॉरिटी से नहीं मिले है। हालांकि ,अथॉरिटी से स्थिति स्पष्ट करने के लिए स्थानीय पीएनसी ने लिखा पढ़ी की है।
केंद्र और राज्य दोनों ही सरकारों ने 21 दिन के लॉकडाउन के दौरान वाहनों से टोल न वसूलने के निर्देश दिए हैं। जबकि बरेली से नैनीताल रोड पर बेलवा और बहेड़ी में बने दोनों टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल की वसूली की जा रही है। इसमें खाद्य सामग्री सहित आवश्यक सेवाओं में लगे वाहन भी शामिल है। इसे लेकर टोल प्लाजा के स्टाफ और वाहन चालकों के बीच झड़प भी हो रही है। इस बाबत भोजीपुरा इंडस्ट्रलिस्ट एसोसिएशन ने डीएम नितीश कुमार को शिकायत की है कि सरकार की छूट के बावजूद नैनीताल हाईवे पर टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल की वसूली हो रही है। टोकने पर स्टाफ लड़ाई झगड़े पर आमादा हो जाता है। डीएम से टोल प्लाजा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। जबकि टोल वसूलने के लिए अधिकृत पीएनसी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि सरकार ने एनएचएआई के लिए भले टोल न वसूलने की घोषणा कर दी, लेकिन यूूपी स्टेट हाईवे अथॉरिटी की ओर से उन्हें अब तक टोल न लेने संबंधी कोई आदेश नहीं मिले हैं।
‘पीएनसी के पास अब तक यूपी स्टेट हाईवे अथॉरिटी से टोल न लेने संबंधी कोई आदेश नहीं मिले है। इसलिए वाहनों से टोल वसूल किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अथॉरिटी के अधिकारियों से निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।’
- विवेक गुप्ता, एजीएम, पीएनसी