बरेली। शनिवार रात आठ बजे शुरू हुआ कर्फ्यू रविवार को लॉकडाउन के साथ सोमवार सुबह सात बजे तक लागू रहेगा। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि इन 35 घंटों में बाजार पूरी तरह बंद रहेगा। दवा-दूध और सब्जी जैसी आवश्यक सेवाएं ही जारी रहेंगी। बगैर जरूरी काम के अगर कोई घर से निकला तो पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
डीएम नितीश कुमार के मुताबिक सभी थोक, फुटकर बाजार, सैलून आदि पूरी तरह बंद रहेंगे। खोमचे और साप्ताहिक बाजार नहीं लगेंगे। जरूरी सेवाओं वाली दुकानों पर भी भीड़ न लगे, इसका ध्यान दुकानदारों को रखना होगा। सभी औद्योगिक इकाइयां चलती रहेंगी और उनमें कार्यरत कार्मिकों को अपना परिचय पत्र या ड्यूटी कार्ड दिखाने पर कार्यस्थल पर आने-जाने की छूट रहेगी। हॉल या कमरे जैसी किसी भी बंद जगह में उसकी क्षमता के 50 प्रतिशत लेकिन अधिकतम 50 लोग ही बैठ सकेंगे। खुले स्थानों में भी 50 प्रतिशत से कम क्षमता की पाबंदी रहेगी लेकिन कुल संख्या सौ से ज्यादा नहीं होगी। सभी लोगों के लिए मास्क, आपसी दूरी, थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर और हैंडवॉश रखने की अनिवार्यता लागू होगी।
अभ्यर्थियों के परिचय पत्र को पास की मान्यता
एनडीए जैसी की परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति होगी। अभ्यर्थियों और ड्यूटी करने वाले परीक्षकों को अपना परिचय या प्रवेश पत्र दिखाकर इसमें शामिल होने जाने-आने की अनुमति रहेगी लेकिन मास्क लगाना जरूरी होगा।
रोडवेज बसों में 50 फीसदी यात्री
पब्लिक ट्रांसपोर्ट और राज्य परिवहन निगम की बसों में क्षमता की 50 प्रतिशत सवारियां मास्क लगाकर ही बैठेंगी। ज्यादा यात्री मिले तो कार्रवाई की जाएगी।
------------------------------------
अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग
अंतिम संस्कार में 20 से ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे। अंतिम यात्रा में शामिल होने वालों को मास्क लगाना होगा।
जिला-तहसील मुख्यालय पर बने क्वारंटीन सेंटर
जिला मुख्यालय पर हरू नगला के साथ सभी तहसील मुख्यालयों पर भी क्वारंटीन सेंटर बनाए गए हैं। इनमें आवश्यकता के अनुरूप व्यवस्था करने की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई है। एडीएम वित्त मनोज पांडेय ने बताया कि सभी क्वारंटीन सेंटर शुरू कर दिए गए हैं।
अग्निशमन विभाग कराएगा सैनिटाइजेशन
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों पर अग्निशमन विभाग सैनिटाइजेशन कराएगा। चीनी मिलें ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर सैनिटाइजेशन कराएंगी।
कैंप में होंगे पुलिस कर्मियों के टेस्ट
पुलिस कर्मियों में कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने की व्यवस्था की समीक्षा पुलिस अधिकारी करेंगे। पुलिस लाइन में कैंप लगाकर उनकी टेस्टिंग की जाएगी। पुलिस लाइन, पुलिस ऑफिस और थानों में हर रोज अग्निशमन विभाग सैनिटाइजेशन कराएगा।
स्टेशन-बस अड्डों पर होने वाली जांचों की समीक्षा
रेलवे, बस स्टेशन और एयरपोर्ट पर कराई गई जांच की समीक्षा होगी ताकि ट्रेस हो सके कि संक्रमित कहां से आ रहे हैं। सरकारी, निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में आक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था ड्रग इंस्पेक्टर सुनिश्चित करेंगे।
कोरोना कर्फ्यू के दौरान बाजार पूरी तरह बंद रहेंगे। सिर्फ आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। यदि किसी जगह कोई भीड़ लगाए मिला तो कार्रवाई की जाएगी। दवा, दूध और दूसरे जरूरी काम से निकलने वालों के लिए भी मास्क की अनिवार्यता रहेगी। -नितीश कुमार, डीएम