बरेली। मंडल के चारों जिलों में 24 जुलाई तक डग्गामारी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के एआरटीओ प्रवर्तन को आदेश दिया है कि डग्गामार वाहन, अस्थायी परमिट के दुरुपयोग, बिना वैध परमिट संचालित बसों, बिना बीमा और प्रदूषण के संचालित होने वाली बसों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए।
जिले में अस्थायी परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, नगालैंड, मिजोरम, उत्तराखंड आदि राज्यों तक अवैध बसों के संचालन और बस संचालकों के बीच हो रहे गैंगवार को लेकर अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया था।
बुधवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने परिवहन सेवाओं और डग्गामारी के मुद्दे को उठाया। इस पर डिप्टी सीएम ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद आरटीओ ने चेकिंग अभियान का आदेश दिया है।
-
चारों जिलों में 20 डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई
बरेली। परिवहन विभाग की टीमों ने बुधवार को भी अवैध वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चारों जिलों में 20 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों का संचालन नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था। आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा ने बताया कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ चारों जिलों के एआरटीओ को सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है।