बरेली। बहेड़ी नगर पालिका के सभासदों ने जमीन बंटवारे के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। सभासदों ने बुधवार को कलक्ट्रेट आकर डीएम से मुलाकात की और पूर्व में एसडीएम कोर्ट से हुए आदेश का विरोध दर्ज कराया। डीएम ने मामले की जांच का आदेश दिया है।
वार्ड-18 के सभासद ताहिर, वार्ड-16 के दिनकर गुप्ता, मोहल्ला गोदाम वार्ड की सभासद सुगरा आदि ने डीएम को बताया कि नरायन नगला रोड पर गाटा-234 पर नगर पालिका का तालाब है। इसे मिट्टी डालकर पाटा जा रहा है, जबकि नपा बोर्ड ने इस तालाब के सुंदरीकरण का प्रस्ताव पास कर रखा है। संयुक्त गाटा-234 पर कुछ काश्तकारों की निजी जमीन भी है। पूर्व में एसडीएम बहेड़ी के न्यायालय से भूमि के बंटवारे का आदेश पारित हुआ था।
बताया कि, इसमें लक्ष्मण सिंह आदि को 10 मीटर फ्रंट आवंटित कर दिया गया, जबकि अधिकतम एक मीटर फ्रंट देने का नियम है। इस आदेश से नगर पालिका को काफी क्षति हुई है। उन्होंने निजी काश्तकारों की भूमि को नियमानुसार फ्रंट आवंटित करने की मांग की है। कहा कि नपा के ईओ को एसडीएम कोर्ट में बंटवारे की फाइल में पुनर्स्थापना प्रार्थना पत्र देने के निर्देश दिए जाने की भी जरूरत है। यह भी कहा कि संयुक्त गाटे के निजी काश्तकारों ने अक्तूबर-नवंबर 2024 में अपनी जमीन बेच ली है। दाखिल खारिज भी हो गए और खरीदार अब तालाब पाट रहे हैं।
डीएम अविनाश सिंह ने एसडीएम बहेड़ी को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। सभासद दिनकर गुप्ता ने बताया कि खरीदारों ने नगर पालिका के कर अभिलेखों में भी अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है। इस पर सभी सभासदों ने आपत्ति लगा रखी है। संवाद