बरेली/अलीगंज। अंतपुर गोशाला की व्यवस्था में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। गत दिनों गोशाला में 24 पशु कम पाए गए थे। अब 18 पशुओं को पकड़कर लाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इनमें से किसी के कानों में ईयर टैग लगा है।
गत दिनों गोशाला के चार पशुओं की मौत हो गई थी। इस वजह से पशुओं की संख्या 149 से घटकर 145 रह गई थी। जब डीएम रवींद्र कुमार ने इसका निरीक्षण किया तो मौके पर 121 पशु ही पाए गए थे।
इस पर प्रधान, सचिव और पशु चिकित्साधिकारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को अधिकारियों की ओर से दावा किया गया था कि हिंदूवादी संगठनों के हंगामे की वजह से 24 पशु भाग गए थे। इनमें से 18 पशुओं को पकड़कर गोशाला में लाया जा चुका है।
गोशाला में जाकर इसकी पड़ताल की गई तो पकड़कर लाए गए पशुओं के कानों में टैग नहीं दिखा। गोशाला में मौजूद 139 में से सिर्फ 111 पशुओं के ही कान में टैग लगा है। डीएम के निर्देश के बाद भी पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था नहीं की गई है। पशुओं को ठंड से बचाने के लिए पर्दे भी नहीं लगाए गए हैं।
सीवीओ डॉ. ओपी वर्मा ने कहा कि पशुओं के कानों में लगे ईयर टैग मजबूत नहीं होते हैं। कई बार आपसी लड़ाई में टैग हट जाते हैं। संवाद
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर मौजूद विधायक व वक्ता।