भोजीपुरा। पति के साथ किराये के मकान में रुद्रपुर में रह रही एक विवाहिता ने गृह क्लेश से तंग आकर फंदा लगाकर जान दे दी। पति रुद्रपुर पुलिस को सूचना दिए बगैर शव लेकर अपने घर आ गया। भोजीपुरा पुलिस ने सूचना मिलने पर पंचायतनामे की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव पैगा निवासी राजेश कुमार कश्यप अपनी पत्नी प्रीति के साथ रुद्रपुर में थाना कोतवाली के मोहल्ला खेड़ा में किराये के मकान में रहते थे। राजेश रुद्रपुर स्थित स्टील फैक्टरी में नौकरी करते थे। 22 नवंबर की दोपहर घरेलू कलह से तंग विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी, जब उसका पति फैक्टरी में ड्यूटी गया हुआ था, तब राजेश को घटना की जानकारी हुई। वह रुद्रपुर पुलिस को बगैर सूचना दिए पत्नी के शव को लेकर अपने गांव पैगा आ गया। सूचना पाकर विवाहिता के मायके वाले भी भुता के गांव उम्मेदपुर से आ गए। प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी ने बताया कि विवाहिता का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। फिलहाल कोई भी कार्रवाई रुद्रपुर से ही होगी। संवाद