बरेली। परसाखेड़ा में शुक्रवार को डीएम शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक का आयोजन किया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निवेश मित्र एप पर आने वाली शिकायतों का शतप्रतिशत निस्तारण किया जाए। किसी भी हाल में इस एप पर कोई प्रकरण लंबित न रहे।
उद्यमी घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ फुटपाथ का निर्माण भी प्रमुखता से कराया जाए। पीएनसी कंपनी की ओर से बनाए जा रहे नाला निर्माण के संबंध में उद्यमियों ने बताया कि स्लैप मजबूत नहीं डाले जा रहे हैं। इस पर डीएम ने कहा कि स्लैप मजबूत डालें, जिससे लोडेड ट्रक के वजन से स्लैप न टूटे। पीएनसी से आए प्रतिनिधि ने एक सप्ताह में काम पूरा करने की बात कही।
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने समिति को बताया कि इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्राप्त प्रकरणों में एमएसएमई विभाग की ओर से कुल 306 प्रकरणों के प्रस्ताव की सूची उपलब्ध कराई है, जिनमें 47 निवेशकों ने समस्याएं बताई। जिनमें मुख्य रूप से धारा-80, बिजली विभाग, बरेली विकास प्राधिकरण व यूपीसीडा विभाग द्वारा दी जाने वाली अनापत्तियों के संबंध में हैं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को व्यक्तिगत नोट करते हुए शीघ्र निस्तारण कराये जाने का आश्वासन दिया। बैठक में सीडीओ जग प्रवेश, एडीएम संतोष बहादुर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।