आज खोली जाएगी सेंथल स्टेशन की सील, शुरू होगा कामकाज
बरेली। सेंथल रेलवे स्टेशन के स्टाफ में कोरोना के लक्षण दिखने की खबर से पूरे इज्जतनगर रेलवे मंडल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी रिपोर्ट पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय तक भेज दी गई जहां से संदिग्ध स्टाफ पर लगातार निगरानी के निर्देश तक जारी हो गए। बृहस्पतिवार शाम स्टेशन मास्टर, सीनियर सेक्शन इंजीनियर और हेल्पर समेत तीनों संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई तो अफसरों की सांस में सांस आई। अब शुक्रवार को सेंथल स्टेशन की सील खोलकर कामकाज शुरू किया जाएगा।
सेंथल के स्टेशन मास्टर, सीनियर सेक्शन इंजीनियर और हेल्पर को कई दिनों से बुखार के साथ खांसी-जुकाम की शिकायत थी, इसके बावजूद ये तीनों लगातार ड्यूटी पर आ रहे थे। तीनों लोगों की हालात लगातार खराब होते देख स्टेशन पर तैनात दूसरे कर्मचारियों ने आपत्ति करनी शुरू कर दी और यह भी चेतावनी दे दी कि अगर उन्होंने अपनी जांच न कराई तो वे लोग ड्यूटी पर नहीं आएंगे। इसके बाद मंगलवार को स्टेशन मास्टर जांच के लिए अपना सैंपल देने रेलवे अस्पताल पहुंचे थे। बुधवार को सीनियर सेक्शन इंजीनियर और हेल्पर भी सैंपल देने पहुंचे। देर शाम तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर मंडलीय रेलवे अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने भी राहत की सांस ली है।
बता दें कि 22 मार्च से रेलवे ने ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। सिर्फ लालकुआं, काशीपुर, रुद्रपुर सिटी और बहेड़ी स्टेशनों से पार्सल स्पेशल मालगाड़ियों से खाद्यान्न और अन्य चीजों की लोडिंग/ अनलोडिंग हो रही थी। पीलीभीत और टनकपुर की ओर कोई की पार्सल स्पेशल ट्रेन नहीं जा रही थी,जिससे सेंथल स्टेशन से ट्रेनें नहीं गुजारी जा रही थीं। इसके बाद भी स्टेशन पर सभी कर्मचारी बाकायदा ड्यूटी कर रहे थे। यह स्टेशन मास्टर, सीनियर सेक्शन इंजीनियर और हेल्पर लंबे समय से सेंथल स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे थे। लगातार खांसी और बुखार की शिकायत होने पर साथी कर्मचारियों ने आपत्ति की तो स्टेशन मास्टर मंगलवार को इज्जतनगर के मंडलीय रेलवे अस्पताल पहुंचे। जहां सीएमएस डॉ. अरुण खुन्नू ने उन्हें जिला अस्पताल सैंपल देने के लिए भेजा।
बुधवार को सीनियर सेक्शन और हेल्पर ने भी जिला अस्पताल में सैंपल दिया। सैंपल जिला अस्पताल में लेने के बाद स्टेशन मास्टर और सीनियर सेक्शन इंजीनियर को आईवीआरआई अस्पताल और हेल्पर को निजी मेडिकल अस्पताल में क्वारंटीन कराया गया। अब शुक्रवार से तीनों कर्मचारी सेंथल स्टेशन पर ड्यूटी करेंगे, इसके साथ ही नौ अन्य कर्मचारी भी होम क्वारंटीन नहीं होंगे। इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आने से शुक्रवार को स्टेशन की सील खोल दी जाएगी।