इबादत स्थल के पास से कल दो ताजिये उठेंगे
जोगी नवादा में इबादत स्थल के पास से दो ताजिये उठाए जाएंगे। एक ताजिया इशाक और दूसरा आशू अल्वी के नेतृत्व में उठाया जाएगा। इस स्थान पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती कर दी गई है। कुतुब शाह ज्यारत संवेदनशील क्षेत्र है। यहां पीपल के पेड़ के पास सड़क खोदकर ताजिया निकालने की पुरानी रवायत है। दोनों ही जगह सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं, ड्रोन भी रहेगा।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि शुक्रवार व शनिवार को पुलिस लाइन में तीन ड्रोन रहेंगे। हर बड़े थाने को तीन व छोटे थाने को दो ड्रोन मुहैया कराए गए हैं। पुलिसकर्मियों को अलग से वीडियो कैमरे भी दिए हैं। इनके जरिये पूरे समय निगरानी की जाएगी। पैरामिलिट्री के रूप में आरएएफ रहेगी, अतिरिक्त पीएसी बल भी मिल गया है।
शनिवार के बाद आएंगे एसएसपी बदायूं
जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए बवाल की जांच एसएसपी बदायूं डॉ. ओपी सिंह को दी गई है। वह इन दिनों बदायूं में मुहर्रम सकुशल कराने में जुटे हैं। अमर उजाला से वार्ता में उन्होंने बताया कि शनिवार के बाद बरेली आकर जांच करेंगे। फिर रिपोर्ट तैयार कर आईजी व एडीजी को सौंपेंगे।