फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शॉर्टकट के चक्कर में गई जान: बरेली में नकटिया नदी में बाइक समेत गिरे तीन युवक, एक की डूबकर मौत

Sat, 03 Oct 2026 10:36 PM IST
Mukesh Kumar अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में बाइक समेत तीन युवक नकटिया नदी में गिर गए। इनमें से दो युवकों को बचा लिया गया। तीसरे युवक की डूबकर मौत हो गई। उसका शव रात में करीब आठ बजे निकाल लिया गया।  
विज्ञापन
घटना के बाद नदी किनारे जुटे लोग - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में नकटिया नदी पर बिजली के खंभे रखकर बनाए गए अस्थायी पुल को पार करते वक्त शनिवार को रिठौरा कस्बा निवासी रवि मिश्रा बाइक सहित डूब गए। उनके साथ रिश्ते के दो भाई भी बाइक पर सवार थे। दो युवक तो सकुशल बाहर निकल आए, लेकिन रवि का शव रात आठ बजे गोताखोरों की मदद से निकाला जा सका। हादसा पहाड़गंज गांव के पास हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक, पानी का बहाव तेज होने से बिजली के खंभे दिखाई नहीं देने की वजह से यह हादसा हुआ।

विज्ञापन


परिवार के मुताबिक, रिठौरा के मोहल्ला नई बस्ती निवासी रवि मिश्रा (25) ट्रैक्टर-ट्रॉली से कंक्रीट व मलबा ढोते थे। शनिवार को बरेली में काम निपटाने के बाद वह नए काम की तलाश में पहाड़गंज की ओर जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ ममेरे भाई पंकज और चचेरे भाई मंतोष भी थे। 

पहाड़गंज गांव में प्रवेश के लिए ग्रामीणों ने नकटिया नदी पर बिजली के खंभे लगाकर अस्थायी जुगाड़ कर रखा है। शॉर्टकट के चक्कर में ग्रामीण जान जोखिम में डालकर यहां से गुजरते हैं। तीनों जैसे ही इस अस्थायी पुल पर पहुंचे, अचानक अनियंत्रित होकर बाइक नदी में जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े। पंकज और मंतोष ने ग्रामीणों की ओर से फेंके गए डंडे के सहारे किसी तरह नदी से बाहर निकलकर जान बचाई, लेकिन रवि गहरे पानी में समा गए। 

विज्ञापन

रात आठ बजे निकाला जा सका शव
सूचना पाकर इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और बरेली से गोताखोरों की टीम बुलाई गई। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद रात आठ बजे गोताखोरों ने रवि का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरा। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम नहीं कराने का अनुरोध किया है।

कच्ची गृहस्थी छोड़ गया रवि
रवि के पिता का एक वर्ष पहले निधन हो चुका है। दो भाइयों और दो बहनों में रवि सबसे बड़ा था और वही अपनी मेहनत से पूरे परिवार का पेट पालता था। रवि की मौत की खबर सुनते ही मां नगीना देवी बेसुध हो गईं। रवि के परिवार में पत्नी लता मिश्रा और दो मासूम बच्चे हैं। इकलौते कमाऊ बेटे की मौत से परिवार की कच्ची गृहस्थी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
विज्ञापन

शॉर्टकट के चक्कर में गई रवि की जान
रिठौरा निवासी रवि मिश्रा की मौत शार्टकट और जिद के चक्कर में हुई। साथ में मौजूद उसके रिश्ते के भाइयों को समय रहते ग्रामीणों ने मौत के मुंह से निकाल लिया। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों नशे की हालत में थे।

रिठौरा निवासी रवि मिश्रा की मौत के बाद उसके रिश्ते के भाई और सेटेलाइट स्टैंड निवासी पंकज शर्मा (27) और सुरेश शर्मा नगर निवासी मंतोष मिश्रा (27) गहरे सदमे में दिखे। उन्होंने बताया कि दोनों ने रवि से मना किया था कि वह दूसरे रास्ते से पहाड़गंज चले, लेकिन उसने मना कर दिया। कहा- सामने ही पहाड़गंज है, बस जरा सा पानी पार करना है। इसी उधेड़बुन में वह बाइक लेकर आगे बढ़ा और लोग उसके पीछे थे। पोल पूरी तरह पानी में डूबे थे और उन्हें अहसास ही नहीं हुआ। वे नदी में गिरकर डूबने लगे। गांव वाले न बचाते तो वे लोग भी डूब सकते थे।

एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि पहाड़गंज व आसपास के गांवों को जाने के कई रास्ते हैं। जिसे पुल बताया जा रहा है, वह कुछ है ही नहीं। आम दिनों में नदी सूखी रहती है तो इन पोल के सहारे स्थानीय लोग पैदल निकल जाते हैं। अब तो लगभग सभी पोल पानी में डूबे हैं। इन गांवों के लोग पैदल भी इधर नहीं जा रहे हैं। पता नहीं क्यों इन युवकों को नदी पार जाने की धुन सवार हुई, जिसमें एक युवक की जान चली गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें