मीरगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीराम धर्मकांटे के पास कोहरे के कारण तीन वाहन टकरा गए। दुर्घटना तड़के 4:00 बजे हुई। गमीनत रही कि किसी को चोट नहीं आई। कुछ देर यातायात बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप वाहन का एक्सल टूट गया था। उसके चालक ने सड़क पर ही वाहन खड़ा कर दिया। कोहरे के कारण सड़क पर खड़ी गाड़ी अन्य वाहन चालकों को नहीं दिखी। इसके कारण पीछे आ रही कार पिकअप में घुस गई। कुछ देर में टूरिस्ट मिनी बस, कार से टकरा गई। टक्कर से आसपास अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर तक यातायात बाधित हुआ।
सूचना पर मौके पर गई राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम ने जेसीबी से तीनों वाहनों को सड़क से हटवाया। वाहनों को चौकी पर पहुंचा दिया गया है। यातायात सुचारू कराया गया।