शेरगढ़। दो सप्ताह पूर्व शाही-शेरगढ़ मार्ग पर पंप के सामने से चोरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने बरामद कर तीन चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक अवैध चाकू एवं एक लाख से अधिक की रकम बरामद किए हैं। मामले में शामिल दो आरोपी पुलिस की पकड़ से अभी दूर है।
बीते छह अप्रैल को शाही-शेरगढ़ मार्ग स्थित पंप से लकड़ी लदे ट्राॅली-ट्रैक्टर चोरी हो गया था। ट्रैक्टर स्वामी ने मामले के संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीकृत कराया था। थाना अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी घटना के बाद से ही गहनता से जांच में लगे हुए थे। सोमवार को पुलिस ने गांव ब्योंधा के पास से बंद पड़े ईट-भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्राॅली को बरामद कर तीन लोगों को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम नरेश कुमार निवासी ग्राम हंसा थाना भोजीपुरा, जितेंद्र कुमार निवासी मोहल्ला ब्रहमनान वार्ड नंबर 11, शेरगढ़ और दिलीप कुमार निवासी ग्राम हंसा थाना भोजीपुरा बताया है।
पुलिस पूछताछ के बाद उन्होंने बताया कि चोरी करने के बाद ट्राॅली में लदी लकड़ी को ग्राम जादौपुर थाना भोजीपुरा स्थित मुस्तफा को बेच दी। इसके बाद आरोपियों ने जादौपुर स्थित जय हनुमान धर्म कांटा के मालिक मोहित अग्रवाल के चालक दिनेश से चोरी की ट्राॅली का एक लाख 20 हजार रुपये में सौदा कर लिया और बयाने में एक लाख रुपये नकद ले लिए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपी भाग गए, जिनके खिलाफ पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना अध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मुकदमे में वांछित मुस्तफा व दिनेश को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।