बदायूं। कादरचौक इलाके में शुक्रवार रात एक ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार रामनिवास (40), जगदीश (25) और सत्यपाल (30) की मौत हो गई। तीनों लोग बाइक लेकर खाना देने कादरचौक जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया है।
हादसा शुक्रवार रात करीब नौ बजे हुआ। उस वक्त कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव निधानपुर निवासी रामनिवास पुत्र घारम सिंह, जगदीश पुत्र हेतराम और सत्यपाल पुत्र नत्थूलाल बाइक से खाना देने कादरचौक कस्बा आ रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक रामनिवास का बेटा अमन कादरचौक में अपना ट्रैक्टर मशीन चला रहा था। वह मजदूरी पर एक किसान के धान साफ कर रहा था। रामनिवास उसे ही खाना पहुंचाने कादरचौक जा रहे थे। रात हो चुकी थी, इससे उन्होंने मोहल्ले के जगदीश और सत्यपाल को बाइक पर बैठा लिया।
बाइक रामनिवास चला रहे थे, लेकिन हेलमेट किसी ने नहीं लगाया था। रास्ते में उनकी बाइक ककोड़ा और गफ्फार नगला के बीच पहुंची थी। तभी सामने से आए खाद लदे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे तीनों लोग घायल हो गए। यह देखकर ड्राइवर ट्रक वहीं छोड़कर भाग गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने यह हादसा देखकर थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और तीनों को तुरंत जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने उनके शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं। तो वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पतले रोड पर तेज रफ्तार दौड़ रहा था ट्रक, गई तीन लोगों की जान
कादरचौक (बदायूं)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात ट्रक की तेज रफ्तार ने तीन लोगों की जान ले ली। वो भी ट्रक कादरचौक-ककोड़ा सिंगल रोड पर तेज रफ्तार में दौड़ रहा था। बाइक सवारों को उससे बचने की जगह नहीं मिली, जिससे वह ट्रक की चपेट में आ गए। अगर ट्रक की रफ्तार कम होती तो शायद वह बचकर निकल जाते और उनकी जान बच जाती।
कादरचौक-ककोड़ा मार्ग सिंगल रोड है। उस पर तेज रफ्तार में बड़े वाहन से ओवरटेक करना या उससे बचना मुश्किल है। इस स्थिति में वाहनों की गति कम करनी पड़ती है। बताया जा रहा है कि यह रोड बड़े वाहनों लायक नहीं है। हालांकि यह रोड कई गांव को जोड़ता है। जिस ट्रक की टक्कर से तीन लोगों की मौत हुई है। वह ट्रक उसहैत इलाके से कादरचौक होते हुए उझानी जा रहा था। उसमें खाद भरा हुआ था।
इस हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। बाइक सवार ज्यादा तेज नहीं थे लेकिन ट्रक काफी तेज दौड़ रहा था। बाइक सवारों को उससे बचने का मौका नहीं मिला और वह उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हालांकि पकड़े जाने के डर से उसका ड्राइवर ट्रक को वहीं छोड़कर भाग गया। थाना पुलिस ट्रक कब्जे में लेकर उसके ड्राइवर और उसके मालिक का नाम पता करने की कोशिश में लगी है।
चाचा ने की थी सत्यपाल की शादी
ग्राम निधानपुरा निवासी सत्यपाल चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके चाचा के कोई बेटा नहीं था। इससे चाचा ने ही उसे अपने पास रख लिया था जबकि उसके तीन भाई पिता के साथ रहते थे। चाचा ने ही उसकी शादी की थी। सत्यपाल के तीन छोटी-छोटी बेटियां हैं।
खेतीबाड़ी करके परिवार चला रहा था जगदीश
निधानपुरा गांव का जगदीश चार भाइयों में दूसरे नंबर था। उसके तीन बच्चे हैं। वह खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके अलावा रामनिवास भी खेतीबाड़ी करके अपना परिवार चला रहे थे। उनके पास अपना ट्रैक्टर है। वह ट्रैक्टर से भी मजदूरी कर लेते थे। उनका एक बेटा अमन है।
मृतक जगदीश। संवाद- फोटो : BADAUN
मृतक रामनिवास। संवाद- फोटो : BADAUN
जिला अस्पताल में विलाप करते परिवार के लोग। संवाद- फोटो : BADAUN