लखीमपुर खीरी के बिजुआ थाना छेत्र में सोमवार देर शाम शारदा नहर में सगे भाई सहित तीन लोग डूब गए। कड़ी मशक्कत के बाद दो लोगों के शव बरामद हो गए, जबकि तीसरे की खोजबीन अब भी जारी है।
भानपुर निवासी मोहित अवस्थी की बहन का देवर कुछ रिश्तेदारों के साथ ढकेरवा इलाके के लखाई गांव से आया हुआ था। सोमवार शाम करीब पांच बजे मोहित सभी रिश्तेदारों के साथ नहर में नहाने की योजना बनाकर अपने मौसा ढखेरवा निवासी कैलाश के घर गया और नदी की ओर चलने की जिद करने लगा।
कैलाश अपने 13 साल के बेटे छोटू के साथ जाने को तैयार हो गए। उनके साथ ही मोहित का छोटा भाई सुमित भी दतिया गांव में शारदा नदी के तट पर नहाने के लिए गए। नहाते हुए सभी लोग गहरे पानी में उतर गए और तेज धार होने के कारण डूबने लगे।
अचानक इन लोगों को डूबता देख कर कैलाश उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे। उन्होंने मोहित के दो रिश्तेदारों को गहरे पानी से निकाल कर कम पानी में फेंक दिया। कैलाश सभी को बचा ही रहे थे कि इस बीच उनका बेटा, मोहित और उसका छोटा भाई, तीनों लोग गहरे पानी में गायब हो गए।
सोमवार देर रात मोहित और कैलाश के बेटे के शव बरामद किए गए, जबकि मोहित के भाई की तलाश अब भी जारी है।