आधे घंटे पहले पहुंचना होगा केंद्र
परीक्षा नोडल एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी के अनुसार, पीईटी-2026 तीन दिनों में संपन्न होगी। पहले दिन रविवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक दूसरी पाली होगी। प्रत्येक पाली में 10,344 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार 23 केंद्र निर्धारित हैं। अभ्यर्थियों को आधे घंटे पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा।
अफसरों ने अभ्यर्थियों का जाना हाल
पीईटी में शामिल होने के लिए शनिवार रात हजारों अभ्यर्थी जंक्शन व बस स्टैंड पहुंच गए। रात 11 बजे एडीजी जोन रमित शर्मा, डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी व एसएसपी अनुराग आर्य ने जंक्शन का निरीक्षण किया। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग के निर्देश दिए। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद अभ्यर्थियों से संवाद कर उनके ठहरने की व्यवस्था के बारे में जानकारी की।
एसपी सिटी चिराग जैन व सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम भी वहां मौजूद रहे। जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक व छह और सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। जंक्शन के मुख्य द्वार और सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक व चार पर हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। सीओ जीआरपी विश्वजीत सिंह ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए सिविल पुलिस की मदद ली जाएगी। सीसी कैमरों से निगरानी की जाएगी।