भुता के गांव भड़रिया में बीडीसी सदस्य की भाभी की हत्या का मामला
बरेली। चुनावी रंजिश में महिला की हत्या और उसके देवर समेत दो लोगों को जख्मी करने के मामले में भुता पुलिस ने हारे हुए बीडीसी प्रत्याशी समेत तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
भुता के गांव भड़रिया निवासी छत्रपाल बीडीसी चुनाव जीते हैं। वहीं उनके परिवार के मुनीश कुमार प्रधानी और उसका भाई कमलापति उर्फ कमल बीडीसी का चुनाव हार गए हैं। छत्रपाल ने प्रधानी का चुनाव अमित पटेल को लड़ाया था। इसी रंजिश में बुधवार रात मुनीश कुमार ने अपने भाई तेजपाल, कमलापति उर्फ कमल के अलावा ओमकार, त्रिवेणी, हर्षित कुमार आदि के साथ छत्रपाल के घर लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर हमला कर दिया था। छत्रपाल ने इन सभी के खिलाफ हत्या, बलवा और जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसओ भुता अंगद सिंह ने बताया कि मुनीश, ओमकार और हरीश को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाकी तीन आरोपी गुड्डू उर्फ तेजपाल, कमलापति उर्फ कमल और त्रिवेणी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा और दो डंडे बरामद हुए हैं।