क्योलड़िया। भदपुरा ब्लॉक के गांव पुरैनिया में बुधवार की रात हरे-भरे शीशम और आम के पेड़ों का कटान किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार डिप्टी रेंजर आनंद ने वन विभाग की टीम के साथ बाग में पहुंचकर छापा मारा। मौके पर परमिट से अधिक पेड़ों का कटान मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी।
गांव पुरैनिया में ठेकेदार ने एक किसान से शीशम और आम के पेड़ खरीदे थे। इन पेड़ों के कटान के लिए वन विभाग की ओर से 21 पेड़ों का इजाजत जारी किया गया था। आरोप है कि बुधवार की रात निर्धारित से अधिक पेड़ों का कटान किया गया। सूचना पर वन टीम ने आकर जांच की तो शिकायत सही मिली। डिप्टी रेंजर आनंद के अनुसार, जांच के बाद नियमानुसार ठेकेदार पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। संवाद