बरेली। तापमान में गिरावट के बावजूद मच्छरों का हमला नहीं थम रहा। रविवार को तीन माह का एक बच्चा डेंगू की चपेट में मिला। उसे डेंगू वार्ड में भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है।
किला छावनी निवासी जाकिर के मुताबिक बीते दिनों परिवार एक परिचित की शादी में गया था। वहां से लौटने पर परिवार के एक बच्चे रेयान को बुखार आ गया। वायरल समझकर दवा देते रहे पर हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती गई। शनिवार को जब तबीयत ज्यादा बिगड़ी तब उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।
चिकित्सकों ने उसे भर्ती करके उपचार शुरू करने के साथ ही रक्त का नमूना लिए। इसकी जांच में डेंगू की पुष्टि हुई तो बच्चे को अलग वार्ड में शिफ्ट करके इलाज शुरू किया गया। आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. मीसम अब्बास के मुताबिक बच्चे के परिजनों की सेहत की निगरानी भी शुरू कराई है। घर पर निरोधात्मक कार्रवाई के लिए टीम पहुंचेगी। अमर उजाला ब्यूरो