फतेहगंज पूर्वी। पशुपालक को बंधक बनाकर लूटे पशुओं की बरामदगी के साथ ही पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि यह अंतर जनपदीय गिरोह है, जिसके तार बरेली की मारिया फ्रोजन मीट फैक्टरी से जुड़े हैं।
शब्बीर कॉलोनी निवासी नत्थूलाल को बंधक बनाकर बुधवार रात उनके घर से बदमाशों ने दो भैंस, एक पड्डा, चार हजार रुपये, सोलर पैनल, बैटरी आदि लूट ली थी। पुलिस ने चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल की तो इसको लेकर बृहस्पतिवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। पुलिस ने शुक्रवार को तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक भैंस, पड्डा, टेंपो, पिकअप गाड़ी व अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि आदिल निवासी जगतपुर गौटिया, नफीस निवासी चक महमूद पुराना शहर थाना बारादरी, आकाश निवासी अहलादपुर थाना इज्जतनगर को गिरफ्तार किया गया। तीन अन्य बदमाशों में इमरान निवासी सिविल लाइंस बदायूं, लाडला निवासी कादरी मस्जिद के पास जगतपुर व जुनैद निवासी चक महमूद बारादरी फरार हो गए हैं।
एसपी साउथ मानुष पारीक के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में शामिल नफीस बरेली की मारिया फ्रोजन मीट फैक्टरी में काम करता है। यह आरोपी गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर चोरी के जानवरों को जल्दी कटवा देते हैं। वहीं, दूसरा आरोपी आकाश टेंपो चलाता है। वह इन लोगों को आसपास के जिलों में वारदात करने वाले स्थानों पर छोड़कर आता है, जिसके बदले उसे ज्यादा रकम मिलती थी।
ये लोग अलग टीमों में रहते थे। एक टीम पिकअप से तो दूसरी टेंपो से चलती थी। ये अब तक कई जिलों से भैंस चोरी कर मारिया फैक्टरी में कटवा चुके हैं। आरोपियों पर अन्य थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। एसपी दक्षिणी मानुष पारीक ने बताया कि नफीस से बातचीत में काफी इनपुट मिला है, जल्दी ही और खुलासे किए जाएंगे।
मारिया फ्रोजन मीट फैक्टरी के प्रबंधक ईशान के मुताबिक नफीस न तो उनकी फैक्टरी का कर्मचारी है और न ही फैक्टरी से उसका कोई वास्ता है। दो दिन पहले पुलिस ने फैक्टरी के बाहर से किसी व्यक्ति को पकड़ा था, तब वह लोग समझ नहीं पाए थे। अब लगता है कि शायद वह नफीस ही था। ईशान के मुताबिक फैक्टरी में सभी पशुओं का रिकाॅर्ड रखा जाता है।