बैग में थे 19 लाख रुपये के जेवर
आरोपियों के कब्जे से किंग रिसोर्ट में की गई चोरी में दुल्हन का गुलाबी रंग का बैग बरामद किया गया। उसमें सोने का हार, कंगन, ब्रेसलेट, कान के बुंदे, सोने की चेन, डायमंड की अंगूठी, सोने की नथ आदि करीब 19 लाख रुपये के जेवर थे। इसके अलावा बरेली के थाना बारादरी के बारातघरों से चोरी किए गए 18 हजार रुपए नकद, पुलिस को इनके कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस, चोरी में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद हुई।
शादी समारोह में चोरियां करते हैं सांसी गैंग के चोर
आरोपी प्रदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सांसी जाति के लोग हैं। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जनपद के बोंडा क्षेत्र में रहते हैं। उनकी कुछ रिश्तेदारी राजस्थान में भी हैं। शादी के सीजन में देश में जगह-जगह घूम कर वारदात को अंजाम देते हैं। उनको कोई पहचान न पाए, इसलिए सज-धज कर जाते हैं। उनके साथ एक नाबालिग बच्चा भी होता है, जो चोरी करने में एक्सपर्ट होता है।
बच्चों के माध्यम से बैग उठवाते हैं। उसके बाद कई लोगों की टीम उस बैग को शादी समारोह के प्रांगण से बाहर तक ले जाती है। एक युवक पहले से बाइक पर तैयार रहता है। बैग मिलते ही बाइक सवार उसे लेकर भाग जाता है। चोरी के जेवर का बैग व रुपये छुपा कर रख देते हैं और मामला शांत हो जाने के बाद आपस में बांट लेते हैं।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पकड़े गए आरोपी प्रदीप कुमार निवासी ग्राम कढ़िया सांसी बोंडा जिला राजगढ़ मध्य प्रदेश, अमित निवासी ग्राम लक्ष्मीपुरा छाबड़ा, जिला बारा राजस्थान और कुशांत निवासी बरसात मुंगावली जिला अशोकनगर मध्य प्रदेश को जेल भेजा गया है। तीनों ही आरोपियों पर बारादरी थाने, चांदपुर बिजनौर थाने में कई मामले दर्ज हैं।