बरेली। बारादरी पुलिस ने घरों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो कलाई घड़ी, एक इन्वर्टर, एक लोहे की रॉड और 1820 रुपये बरामद किए हैं। चोरी में इस्तेमाल एक ऑटो भी जब्त किया गया है।
एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार तड़के हरूनगला पुल के पास से तीन अभियुक्तों को पकड़ा। पुलिस टीम ने सीसी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। गिरफ्तार अभियुक्तों में धर्मवीर, परमवीर और अजय शामिल हैं। तीनों जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में तीन अभियोग पंजीकृत किए हैं। अभियुक्तों को न्यायालय से जेल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जून को रिया गौतम के घर से सोने-चांदी के आभूषण और 40,000 रुपये चोरी हुए थे। 19 जून 2026 को सरफराज अहमद के घर से भी कीमती सामान चुराया गया। 25 मई को फैसल सैफी और मोहम्मद कैफ के किराये के कमरे से मोबाइल फोन, लैपटॉप और नकदी चोरी हुई थी। तीनों वारदातें इसी गिरोह ने अंजाम दी थी।
ऐसे काम करता था गिरोह
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे रात में लोहे की रॉड से ताले तोड़कर घरों में घुसते थे। चोरी करते समय एक व्यक्ति बाहर निगरानी करता था। घटना के बाद वे चोरी का सामान ऑटो से लेकर भाग जाते थे। अभियुक्तों ने तुलसीनगर क्षेत्र में पहले कुछ और घरों में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है।